
अंबिकापुर: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने आवेश में आकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। मृतिका द्वारा आरोपी को रोजाना शराब पीने और लड़ाई-झगड़ा करने पर टोकने से नाराज होकर उसने यह घातक कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार लरंग साय चौधरी, निवासी जुड़वानी, थाना लखनपुर, ने 4 नवंबर 2024 को लखनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके बड़े पापा का लड़का घुरसाय अपने घर में अपनी पत्नी छिछोबाई से झगड़ा कर रहा था। झगड़े के दौरान उसने दरवाजे की लकड़ी और जलावन के डंडे से उसकी पिटाई कर दी, जिससे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 271/24 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, मृतिका का शव पंचनामा किया और परिजनों एवं गवाहों के बयान दर्ज किए। आरोपी घुरसाय (45 वर्ष, निवासी जुड़वानी) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपनी पत्नी को शराब पीने और झगड़ा करने के मामले पर टोकने पर गुस्से में आकर दरवाजे की लकड़ी और जलावन के डंडे से मारपीट की थी। इससे उसकी पत्नी के सिर, माथे, छाती और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दरवाजे का हड़का और जलावन की लकड़ी का डंडा बरामद किया, साथ ही घटना के दौरान पहना गया जैकेट भी जब्त किया गया।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी लखनपुर निरीक्षक अश्वनी सिंह, उप निरीक्षक प्रेम प्रकाश खुटिया, आरक्षक जानकी राजवाड़े, अमरेश दास, रामप्रसाद पैकरा, श्याम सुंदर, अभिषेक राठौर और बन्दे केरकेट्टा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



















