
बलरामपुर: खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में 1 नवंबर से धान खरीदी का काम शुरू हो गया है। बलरामपुर जिले के राजपुर में मंगलवार को पहले ग्राम ठरकी निवासी आलोक यादव ने 1480 किलो धान बेचा। धान खरीदी जिला जेल संदर्शक मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में शुरू की गई। धान खरीदी करने से पहले तौल काटे का पूजा अर्चना कर किसान को मिठाई खिलाई।

जिला जेल संदर्शक मनोज अग्रवाल ने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना से हर साल धान खरीदी का नया रिकार्ड बन रहा है। इस साल भी फसल अच्छी होने से किसानों में उत्साह है। राज्य में 1 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी 31 जनवरी 2023 तक जारी रहेगी। राजपुर विकासखंड के अंतर्गत सात उपार्जन केंद्र राजपुर, बरियों, धंधापुर, सेवारी, गोपालपुर, जिगड़ी व आरा बनाए गए हैं। धान विक्रय के लिए राजपुर में 2128 व सात समिति मिलाकर 14500 किसानों ने पंजीयन कराया है। मंगलवार को पहले दिन के लिए 3 टोकन जारी किए गए थे। पहला ग्राम ठरकी निवासी आलोक यादव ने 1480 किलो, ठरकी निवासी मानमती यादव 7.20 किलो व ग्राम परसागुड़ी निवासी प्रमिला चौधरी ने 24.40 किलो धान बेचा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता, कर्मचारी व किसानगण उपस्थित थे।



















