बलरामपुर: अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण 1995 के तहत् जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक कलेक्टर कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के विभिन्न धाराओं के तहत् पुलिस अधीक्षक से प्राप्त 09 प्रकरणों पर नियमानुसार राहत राशि की स्वीकृति प्रदान करने तथा अध्यक्ष की अनुमति व अन्य विषयों पर चर्चा की गई। सहायक आयुक्त आदिवासी के द्वारा क्रमानुसार प्रकरणों की जानकारी दी गई। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सहित समिति के सदस्यों ने 09 प्रकरणों पर चर्चा करते हुए 16 लाख 50 हजार रूपये की सहायता राशि स्वीकृत की। बैठक में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने पीड़ितों को जाति प्रमाण पत्र हेतु परेशानी न हो इसके लिए संयुक्त कलेक्टर आर.एन.पाण्डेय को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति समुदाय के जनप्रतिनिधियों से आग्रह करते हुए कहा है कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान जनजाति समुदाय के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें। प्रतिनिधियों के साथ ही अधिकारियों-कर्मचारियों का कर्त्तव्य है कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति समुदाय के अधिकारों का हनन् न हो।बैठक में जिला पंचायत सदस्य रामचरितर सोनवानी, उद्धेश्वरी पैंकरा, गीता देवी, सहायक संचालक उद्यान पतराम सिंह पैंकरा, लोक अभियोजन अधिकारी मनोज कुमार चतुर्वेदी, कोड़ाकू समाज के प्रांताध्यक्ष जोनकुश कुम्हरिया, प्रबंधक कैथलिक समाज दर्रीडीह फादर लारेंस कुजूर सहित समिति के सदस्य एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!