बलरामपुर: मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रीता यादव ने विकासखण्ड रामचन्द्रपुर के चिनिया गौठान में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्व-सहायता समूह की महिलाओं को दिए जा रहे प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। गौठान में शिव एवं पार्वती महिला स्व सहायता समूह की 11 महिलाओं को एल.ई.डी बल्ब निर्माण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

सीईओ जिला पंचायत श्रीमती यादव ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके आगामी विक्रय कार्ययोजना पर चर्चा की। स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा गौठान में गौठान ढाबा की शुरूआत की गई है साथ ही साथ बकरी पालन एवं मशरूम हट भी तैयार किया जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में समूह की महिलाएं बकरी पालन व मशरूम उत्पादन कर आर्थिक रूप से सक्षम हो सकेंगे। उन्होंने महिलाओं को आजीविका के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं सक्षम बनाने के लिए डीपीएम को रूरल इंडस्ट्रियल पार्क एवं अन्य गतिविधियों को प्रारंभ करने के निर्देश दिये। तत्पश्चात् उन्होंने तामेश्वरनगर गौठान में चल रहे मल्टीएक्टिविटी एवं मशरूम हट का भी निरीक्षण किया। इस दौरान महिलाओं को उनके रूचि अनुसार चना सत्तू निर्माण ईकाई स्थापित करने को कहा, ताकि स्व सहायता समूह की महिलाओं के आमदनी में वृद्धि हो सके। गौठान में निर्मित डबरी में मत्स्य पालन को देखकर महिलाओं की मेहनत को सराहा और उन्हें इस पहल के लिए प्रोत्साहित भी किया। उन्होंने गौठान को पूर्ण रूप से विकसित करने के लिए ’’हमर गौठान हमर प्लान’’ के तहत स्वावलंबी गौठान बनाने के लिए जनपद पंचायत के अधिकारियों को निर्देश दिये।इस दौरान सहायक संचालक उद्यान पतराम सिंह सहित कृषि एवं जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!