
बलरामपुर: संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवायें सरगुजा संभाग अनिल कुमार शुक्ला के द्वारा बलरामपुर जिला के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र राजपुर का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने दैनिक उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। अनुपस्थित चिकित्सा अधिकारी एवं कर्मचारी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित करते हुए अनुपस्थितों को कारण बताओ नोटिस जारी करने निर्देशित किया गया। तत्पश्चात संयुक्त संचालक के द्वारा जिला चिकित्सालय बलरामपुर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान संस्था के ओ.पी.डी. विभाग प्रतिक्षालय में सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों एवं योजनाओं की जानकारी मरीजों को प्राप्त हो सके इस हेतु बैनर, पोस्टर लगाने हेतु सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक को निर्देश दिये। साथ ही पूरे अस्पताल परिसर का अवलोकन करते हुए जिला चिकित्सालय के एस.एन.सी.यू., एन.आर.सी. ब्लड बैंक, मातृ शिशु अस्पताल एवं आई.पी.डी. का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला चिकित्सालय बलरामपुर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की बात कही। तथा चिकित्सकों को समय पर उपस्थित होने के लिए निर्देश दिये गये।
संभागीय संयुक्त संचालक ने ली बैठक
संयुक्त संचालक अनिल कुमार शुक्ला के द्वारा कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बलरामपुर के सभा कक्ष में सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए।उन्होंने पी.एम. जनमन अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति समूह को स्वास्थ्य विभाग के समस्त योजनाओं के प्रति जागरूकता लाने के साथ लाभ देने को कहा।बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ० बसंत कुमार सिंह, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.बी. प्रजापति , जिला कार्यक्रम प्रबंधक स्मृति एक्का, समस्त जिला नोडल अधिकारी उपस्थित थे।



















