
कोरिया: छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने आज जिला कोरिया प्रवास के दौरान जिले में संचालित सी-मार्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने विक्रय हेतु रखे गए स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का अवलोकन किया तथा समूह की महिलाओं से चर्चा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने यहां से आवश्यक घरेलू सामग्रियों जैसे जीराफूल चावल, शहद, एसेंशियल आयल आदि की खरीदारी भी की। इसके बाद उन्होंने जिला कलेक्टरेट परिसर में स्थित कोरिया मिलेट्स कैफे में मिलेट्स व्यंजनों का लुत्फ उठाया, उन्होंने मिलेट्स लस्सी, मिलेट्स छांछ, कोदो खीर, रागी का चीला, ज्वार गुलाब जामुन, किनवा उपमा तथा अन्य व्यंजनों का स्वाद लिया। मिलेट्स कैफे की खूबसूरती को देखकर प्रभावित होकर उन्होंने कैफे का संचालन कर रही दीदियों से बात कर कैफे की जानकारी ली तथा अपनी शुभकामनाएं दीं।



















