नई दिल्ली: देश के राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को हुए मतदान के बाद आज हुई मतगणना में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को बड़े अंतर से जीत मिली है। तीसरे राउंड की गिनती में मुर्मू को 5.77 लाख वोट मिले जबकी सिन्हा को सिर्फ 2.61 लाख वोट ही मिले हैं। तीसरे दौर की मतगणना समाप्त होने के बाद द्रौपदी मुर्मू ने कुल वैध वोटों का 50 प्रतिशत आंकड़ा पार कर लिया है। जिसके बाद अब उनका देश का 15वां राष्ट्रपति बनना तय हो गया है।

द्रौपदी मुर्मू द्वारा चुनावों में जीत हासिल करने की खबरों के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया है। जीत की घोषणा के बाद सबसे पहले उन्हें चुनावों में उनके प्रतिद्वंदी विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने बधाई दी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

राष्ट्रपति चुनावों में जीत पर पीएम मोदी ने द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब 1.3 अरब भारतीय आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, पूर्वी भारत के एक सुदूर हिस्से में पैदा हुए एक आदिवासी समुदाय की भारत की बेटी को हमारा राष्ट्रपति चुना गया है।

राजनाथ सिंह ने दी बधाई

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रपति चुने जाने पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि वो गांवों, गरीबों, वंचितों के कल्याण के लिए काम करने में सक्रिय रही हैं। उनके बीच उठकर वह आज सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंच गई हैं। यह भारत के लोकतंत्र की शक्ति का प्रमाण है।

ममता बनर्जी ने दी बधाई


पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति निर्वाचित श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान के आदर्शों की रक्षा करने और हमारे लोकतंत्र के संरक्षक होने के लिए देश ईमानदारी से आपको राज्य के प्रमुख के रूप में देखेगा, खासकर जब राष्ट्र इतने सारे मतभेदों से त्रस्त है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!