
जशपुर: जशपुर जिले के चौकी दोकड़ा क्षेत्र के ग्राम केनाडांड़ चुनदरहा में शराब के नशे में घर आए सौतेले पिता की हत्या का मामला सामने आया है। घटना का मुख्य आरोपी महेश राम को पुलिस ने कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक रिमांड में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 49 वर्षीय महिला ने अपने पति की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि वह रोजी-मजदूरी कर अपने बेटे महेश राम (25) के साथ जीवनयापन कर रही है। करीब 20 साल पहले उसके पहले पति की मृत्यु के बाद उसने प्रदीप टोप्पो को अपना पति बना लिया था।घटना 28 जुलाई 2024 की शाम की है, जब प्रदीप टोप्पो शराब पीने के लिए पैसे लेकर घर से निकला। रात 10:30 बजे शराब पीकर लौटने के बाद उसने और पैसे की मांग की। पैसे न मिलने पर प्रदीप ने महिला से विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान महेश राम ने विवाद को शांत करने की कोशिश की, लेकिन विवाद और बढ़ गया।झगड़े के बीच प्रदीप ने महिला को धक्का देकर गिरा दिया। गुस्से में आकर महेश ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से प्रदीप के सिर पर 3-4 बार वार किया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महेश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महेश ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।महेश राम को 30 जुलाई 2024 को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है।



















