
नई दिल्ली, एजेंसी। विधानसभा चुनावों के रुझान, नतीजे आने शुरु हो गए है। शुरुआती रुझान में उत्तर प्रदेश में भाजपा आगे चल रही है। उत्तराखंड और गोवा में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। पंजाब की बात करें तो यहां आम आदमी पार्टी आगे चल रही है। मणिपुर में भाजपा आगे चल रही है। टीवी चैनलों के विभिन्न एजेंसियों द्वारा कराए एग्जिट पोल में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मणिपुर में भाजपा की सत्ता बरकरार रहने, पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के उदय और गोवा में कांटे की टक्कर का अनुमान बताया गया था।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव परिणाम
उप्र में शुरुआती रुझान में भाजपा आगे चल रही है। अभी तक मिले आंकड़ों के मुताबिक सूबे में भाजपा 165 सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। वहीं समाजवादी पार्टी 82 सीटों पर आगे है। वहीं बसपा भी 5 सीटों पर आगे चल रही है। शुरुआती रुझान में पूर्वांचल और अवध में भाजपा की स्थिति काफी मजबूत दिख रही है। पश्चिम उत्तर प्रदेश में भाजपा और समाजवादी गठबंधन के बीच कांटे की टक्कर है। यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पहली बार सीएम योगी को चेहरा बनाया है। बीते विधानसभा चुनाव में कांग्रेस तो लोकसभा चुनाव में बसपा के साथ मैदान में उतरने वाली सपा इस बार रालोद, सुभासपा सहित कई छोटे दलों के साथ मैदान में है। भाजपा ने योगी-मोदी की जोड़ी को भुनाने की कोशिश की है। बसपा-कांग्रेस अपने दम पर मैदान में है।
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव परिणाम
उत्तराखंड में शुरुआती रुझान में भाजपा और कांग्रेस के बीच फिफ्टी-फिफ्टी का मामला देखने को मिल रहा है। अभी तक के मिले रुझान के मुताबिक भाजपा और कांग्रेस दोनों 34-34 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं 2 सीटे अन्य के खाते में जाते दिख रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल करने वाली भाजपा फिर मोदी के भरोसे है। बीते पांच साल में राज्य में तीन मुख्यमंत्री बनाए गए। कांग्रेस बिना किसी को चेहरा बनाए मैदान में है। भाजपा को मोदी के करिश्मे तो कांग्रेस को हर पांच साल बाद बदलाव के राज्य के सियासी चरित्र पर भरोसा है।
पंजाब विधानसभा चुनाव परिणाम
पंजाब में शुरुआती रुझान में आम आदमी पार्टी आगे चल रही है। अभी तक के आंकड़ों के मुताबिक आप 48, कांग्रेस 39, शिअद 19 व भाजपा गठबंधन 5 सीटों पर आगे चल रही है। पंजाब चुनाव में किसान आंदोलन के बीच राजनीति तेज करवट ली है। दशकों बाद अकाली दल और भाजपा अलग-अलग चुनाव मैदान में हैं। अकाली दल ने बसपा तो भाजपा ने पंजाब लोक कांग्रेस, अकाली दल लोकतांत्रिक से गठबंधन किया है। आप ने भगवंत मान पर भरोसा जताया है। जबकि, कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटाकर दलित चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम बनाया था।
गोवा विधानसभा चुनाव परिणाम 2022
गोवा में शुरुआती रुझान में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। अभी तक के आंकड़ों के मुताबिक कांग्रेस 15 व भाजपा 14 सीटों पर आगे चल रही है। बीते चुनाव में राज्य में भाजपा ने कांग्रेस को जोर का झटका दिया था। कांग्रेस जीत की दहलीज पर पहुंचकर लुढ़क गई थी। भाजपा ने बहुमत से चार सीट पीछे रही कांग्रेस को करारा झटका दिया था। इस बार आप, तृणमूल कांग्रेस सहित तीन नए क्षेत्रीय दलों ने मुकाबले को रोचक बना दिया है। इस बार भी त्रिशंकु जनादेश के आसार हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा-कांग्रेस के बीच है।
मणिपुर विधानसभा चुनाव परिणाम 2022
शुरुआती रुझान में भाजपा आगे चल रही है। अभी तक के आंकड़ों के मुताबिक भाजपा 15 , कांग्रेस 10 सीटों पर आगे चल रही है। मणिपुर में बीते चुनाव में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस 3 अतिरिक्त विधायक नहीं तलाश पाई। जबकि, भाजपा ने एनपीएफ, एनपीपी को साध कर बहुमत के लिए जरूरी दस विधायकों का इंतजाम कर लिया। इस बार ये दोनों दल अलग-अलग मैदान में हैं और भाजपा भी अपने दम पर चुनाव लड़ी है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश सात चरणों में विधानसभा चुनाव संपन्न हुए थे। यहां पहले चरण के लिए मतदान 10 फरवरी को और अंतिम चरण का मतदान सात मार्च को हुआ था। यहां की 403 विधानसभा सीटों पर भाजपा के सामने सत्ता बचाए रखने की चुनौती है। वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार में वापसी करने के लिए पूरी कोशिश कर रही है।
पंजाब के 117 सीट, उत्तराखंड के 70 और गोवा के 40 सीटों पर एक चरण में 14 फरवरी को मतदान हुआ था। मणिपुर के 60 सीटों पर 28 फरवरी और पांच मार्च को दो चरणों में मतदान हुआ था। इनमें से चार राज्यो में भाजपा और पंजाब में कांग्रेस की सरकार है।



















