सूरजपुर: धान खरीदी 2022 -23 के लिए कलेक्टर इफ्फत आरा के दिशा निर्देश एवं नेतृत्व में जिला प्रशासन निरंतर सचेत एवं सख्त रवैया अपना रहा है। जिले में स्थित समस्त धान खरीदी केंद्रों के लिए पृथक पृथक नोडल, सहायक नोडल एवं धान प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।

इसी क्रम में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित शिवप्रसाद नगर क्रमांक 411 भैयाथान धान खरीदी केंद्र में किसी प्रकार की अव्यवस्था ना हो इस पर भी प्रशासन की पैनी नजर है। विगत दिनों धान खरीदी केंद्र शिवप्रसाद नगर का निरीक्षण कलेक्टर के निर्देशानुसार धान खरीदी नोडल डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा त्रिपाठी ,प्रभारी खाद्य अधिकारी विजय किरण, सहायक खाद्य अधिकारी स्वेता अग्रवाल, ब्रांच मैनेजर सहकारी बैंक भैयाथन एवं नवनियुक्त खाद्य निरीक्षकों की उपस्थिति में किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सभी किसानों का टोकन समय से कट रहा है। टोकन कटने का समय प्रातः 9.30 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह सूचना पटल पर भी चस्पा है। किसानों को धान बेचने में कोई परेशानी न हो इस बाबत टोकन काटने के लिए नाम रजिस्टर में इंद्राज किया जाकर किसानों को धान आवक हेतु नियत तिथि बता दिया जाता है,जिससे किसानों को अनावश्यक कतार में खड़े होकर परेशान न होना पड़े । रजिस्टर में इंद्राज क्रम में ही उसी तिथि का टोकन ऑनलाइन करता है। आगामी जितने दिनों का टोकन कट चुका है उसे विधिवत सोसाइटी में चस्पा किया गया है। जिससे पारदर्शिता बनी रहे ।धान आवक का समय प्रातः 9.30 से दोपहर 2.00 बजे तक निर्धारित किया गया है। दिनांक 7 दिसंबर तक कुल पंजीकृत 1799 किसानों में से 477 किसानों से 20932 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है और 3,10,97,228 रु का भुगतान किसानों के खातों में किया जा चुका है। धान तौल के समय नियत वजन अनुसार धान लिया जा रहा, नमी जांच उपरांत किसान की सुविधा अनुसार खरीदी की जा रही। धान का उठाव नियमित रूप से तीव्र गति से किया जा रहा है। वहां उपस्थित किसानों से भी चर्चा की गई उनके द्वारा धान बेचने या भुगतान में किसी भी प्रकार की परेशानी होना नहीं बताया गया। प्रशासन निरंतर जिले के संवेदनशील धान खरीदी केंद्रों के लिए सक्रिय है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!