नई दिल्‍ली: टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का निधन हो गया है। समाचार एजेंसी पीटीआइ की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक एक सड़क हादसे में साइरस मिस्त्री (Cyrus Mistry) निधन हुआ है। यह सड़क हादसा मुंबई से सटे पालघर में हुआ। दुर्घटना के बाद साइरस मिस्त्री को आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्‍टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

समाचार एजेंसी एएनआइ ने पालघर पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई लौट रहे थे तभी उनकी कार के डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस के मुताबिक कार में 4 लोग मौजूद थे जिनमें से साइरस मिस्‍त्री समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्‍य लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। बताया जाता है कि महाराष्ट्र के पालघर इलाके में यह सड़क हादसा दोपहर करीब 3 बजे हुआ।

मालूम हो कि दिसंबर 2012 में रतन टाटा ने टाटा सन्स का चैयरमैन पद छोड़ दिया था। रतन टाटा के बाद साइरस मिस्त्री को यह जिम्‍मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि चार साल के भीतर ही 24 अक्टूबर 2016 में उन्‍हें भी टाटा सन्स के चेयरमैन का पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद नए चैयरमैन के रूप में एन चंद्रशेखरन को जिम्मेदारी दी गई। बीते 28 जून को ही साइरस मिस्‍त्री के पिता पालोनजी मिस्त्री का 93 साल की उम्र में निधन हो गया था।

साइरस मिस्त्री के निधन पर सियासी और उद्योग जगत की हस्तियों ने शोक संवेदना प्रकट की है। राकांपा सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि दुखद समाचार… मेरे भाई साइरस मिस्त्री का निधन हो गया है। इस आकस्मिक घटना पर विश्वास नहीं हो रहा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!