बिहार/रोहतास। बिहार के रोहतास में थाना क्षेत्र के अलग-अलग जगहों पर शनिवार को हुई वज्रपात की घटना में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन मजदूर और एक मासूम शामिल हैं। गोटपा नहर पुल के पास आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए, जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, जब आकाशीय बिजली कड़कते हुए गिरी, तब ये लोग बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे बैठे थे। ये सभी लोग मजदूर हैं और मजदूरी करके लौटने के क्रम में वहां पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर हल्की बारिश के कारण बैठे थे।ग्रामीण राजेश्वर सिंह ने बताया कि इस हादसे में जान गंवाने वाले 35 वर्षीय अरबिंद साह और 40 वर्षीय ओम प्रकाश कुमार है। वहीं इसी गांव के 32 वर्षीय कंचन सिंह, 50 वर्षीय बुधु साह और 35 वर्षीय मुन्ना रजवार घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए दो अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।मोहनी गांव में भी आकाशीय बिजली गिरने से एक 8 वर्षीय बालक अभिषेक कुमार की मौत हो गई। वह मूल रूप से बक्सर जिला के धनसोइ थाना क्षेत्र के उधोपुर का निवासी मुन्ना सिंह का पुत्र है। वह अपने फूफा मोहनी निवासी उमेश यादव के घर रह कर बिक्रमगंज में पढ़ता था।

सीओ रजत कुमार वर्णवाल ने बताया कि निंगा गांव में भी सड़क निर्माण में लगे एक मजदूर की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हो गई। मृतक अयोध्या चौधरी का 23 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार नोखा थाना क्षेत्र के लेवड़ा का निवासी है। थानाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि तीन शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!