
अंबिकापुर : होली क्रॉस वीमेन्स कॉलेज, अम्बिकापुर के सभागार में गणित विभाग द्वारा नव प्रवेशी छात्राओं के स्वागत के लिए फ्रेशर्स पार्टी-2024 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का विषय “मैथमेटिकल हाउस” रखा गया था, जिसमें गणित की जटिलता और सुंदरता को उजागर किया गया।
इस कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सि. शांता जोसेफ़ के मार्गदर्शन में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद गणित विभाग की वरिष्ठ छात्राओं द्वारा मधुर प्रार्थना नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसने माहौल को और भी पवित्र बना दिया।गणित विभाग के सहायक प्राध्यापक आलोक चक्रवर्ती ने गणित की महत्ता को रेखांकित करते हुए इसे विज्ञान का अमूर्त रूप बताया। उन्होंने छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत बहु विषयक शिक्षा की ओर प्रेरित किया और आत्मनिर्भर बनने की सलाह दी। कार्यक्रम में भौतिकी विभाग के सहायक प्राध्यापक मधु पांडे ने नवाचार के महत्व पर जोर दिया।
इस कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। नृत्य, संगीत, और खेलों के विविध कार्यक्रमों ने माहौल को जीवंत बना दिया। खेलों में विजय प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर मिस फ्रेशर्स का खिताब सोनिया और नैंसी नंदनी एक्का को मिला, जबकि मिस ब्यूटी का खिताब मानसी जायसवाल और मिस क्वीन का खिताब प्रिया यादव को दिया गया। रैंप वॉक अवॉर्ड अर्पिता यादव और महावीज़ इकबाल को प्राप्त हुआ।
इस कार्यक्रम का सफल संचालन अंकिता सिंह, रिंकी यादव, शुभा चतुर्वेदी, आकृति केशरी, और साहिबा परवीन ने किया। धन्यवाद ज्ञापन आर्या नामदेव द्वारा दिया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सि. शांता जोसेफ ने नव प्रवेशित छात्राओं को शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए गणित विभाग की वरिष्ठ छात्राओं को बधाई दी। इस अवसर पर महाविद्यालय के अन्य सहायक प्राध्यापक, रसायन विभाग से डॉ. उषा शुक्ला और ममता कश्यप भी उपस्थित रहे।



















