
जशपुर: जशपुर जिले के थाना बागबहार पुलिस ने गुंडागर्दी करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 298, 351(2), 115(2), 117(4), 191(2), 191(3), 190 और 126(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार कृष्णा राम (35), निवासी कुकुरभुका खुर्शी टोला, ने 30 नवंबर को थाना बागबहार में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को रायगढ़ में वाहन फिटनेस का काम पूरा कर वापस लौटते समय ग्राम सोहनपुर के एक ढाबे पर खाना खाने के बाद, पेमेंट को लेकर ढाबा मालिक से विवाद हुआ। मामले को शांत कर प्रार्थी अपने पिकअप वाहन से घर लौटने लगे। रास्ते में, लैलूंगा के पास स्विफ्ट और बलेनो कार में सवार कुछ व्यक्तियों ने पिकअप का पीछा किया और गाड़ी रोकने की कोशिश की। जब प्रार्थी ने वाहन नहीं रोका, तो आरोपियों ने उनकी गाड़ी के दोनों ओर से टक्कर मारने का प्रयास किया। प्रार्थी किसी तरह बचते हुए अपने गांव पहुंचे, लेकिन वहां आरोपियों ने लोहे की छड़ से मारपीट शुरू कर दी। ग्रामीणों के आने पर आरोपी अपनी गाड़ियां छोड़कर भाग गए। पुलिस इस मामले में अपराध दर्ज कर घटना स्थल से दोनों कारों को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान सुराग मिलने पर पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी हैं:
1.रविंद्र साहू (24)
2. अर्जुन साहू (26)
3. मनोज यादव(19)
4. अजय यादव(24)
5. नितेश वैष्णव(23)
6. रूपसाय यादव (28), सभी निवासी लैलूंगा, जिला रायगढ़।



















