
अंबिकापुर: अंबिकापुर जिले में अपनी सहेली की शादी में शामिल होने आई एक लड़की के साथ दूल्हे के भाई ने दुष्कर्म किया है। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी को बैढ़न से गिरफ्तार कर लिया है। घटना गांधी नगर थाना क्षेत्र की है।दरअसल, 7 अप्रैल 2024 को शादी समारोह था। जिसमें दुल्हन की सहेली भी शामिल होने आई थी। बारात बैढ़न से आई थी। शादी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दुल्हन की सहेली एक कमरे में आराम करने चली गई थी।
बारात में आए दूल्हे के भाई इंद्रदेव दुबे उर्फ देव दुबे (29) रात को लड़की के कमरे में घुसकर कमरा बंद कर लिया। युवक ने धमकी देकर उसके साथ रेप किया। घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। युवती ने घटना की जानकारी बाद में अपने परिचितों को दी और गांधीनगर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अंबिकापुर से पुलिस टीम बैढ़न पहुंची। लेकिन शिकायत दर्ज होते ही आरोपी मोबाइल बंद कर घर से फरार हो गया था। पुलिस को आरोपी का फोटो मिल गया था। उसे कुछ लोग पहचानते थे। पुलिस ने लोगों की मदद से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।गांधी नगर पुलिस ने मामले में धारा 376, 506 की कार्रवाई करते हुए मंगलवार को आरोपी युवक को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।



















