अम्बिकापुर: पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव के मुख्य आतिथ्य एवं कलेक्टर संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में सरगुजा जिले के प्रथम हिम्मत कार्यक्रम का समापन कार्यक्रम बुधवार को शासकीय राजमोहिनी महिला महाविद्यालय में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित कांबले, जिला पंचायत के सीईओ विनय लंगेह, नगर निगम आयुक्त के विजय दयाराम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, प्रशिक्षु आईपीएस रॉबिन्सन गुड़िया उपस्थित थे। हिम्मत कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित 220 छात्राओं को अतिथियों के द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने कहा कि छात्राओं को यह जो प्रशिक्षण प्राप्त हुआ है इसमें वह आकस्मिक रूप से हुए हमले या छेड़खानी या लूट के प्रयास को विफल कर सकती हैं। इस प्रकार का प्रशिक्षण सरगुजा के अन्य महिला कालेजों में एवं बालिका हाई स्कूल में समय-समय पर चलाया जाएगा। उन्होंने इस प्रशिक्षण सत्र का लाभ लेते हुए आगे भी इसे जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराया। कलेक्टर संजीव झा ने सभी बालिकाओं को अपनी विशेष शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण एक बीज के रूप में रोपा गया है इसे पौधा बनाना आप सभी छात्राओं का दायित्व है। जीवन में कोई भी विपरीत परिस्थिति आए उसका डटकर सामना करने की हौसला रखें। पुलिस अधीक्षक अमित कांबले ने इस कार्यक्रम को और आगे बढ़ाने की अपने दायित्व को दोहराते हुए अपने अधीनस्थ सभी स्टाफ को इसे आगे भी जारी करने हेतु निर्देशित किया।

ज्ञातव्य है कि हिम्मत कार्यक्रम महिलाओं एवं कालेज की छात्राओं में हौसला बनाए रखने के लिए एवं आत्मरक्षा के कौशल विकास के लिए पूरे सरगुजा रेंज में आईजी अजय यादव के विशेष पहल पर प्रारंभ किया गया है । इसी के मद्देनजर सरगुजा में 28 फरवरी को यह कार्यक्रम राजमोहिनी महिला महाविद्यालय में प्रारंभ किया गया था। प्रशिक्षक चंदन टोप्पो एवं राधेश्याम मानिकपुरी के द्वारा लगातार 11ः00 बजे से लेकर 1ः00 बजे तक आत्मरक्षा के गुण सिखाया गया जिसमें लगभग 220 छात्राओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। छात्राओं के द्वारा जो प्रशिक्षण प्राप्त किया गया है उसका डेमो भी कार्यक्रम के दौरान दिखाया जिसमें सीमेंट के ईंट को हाथ से तोड़ना शामिल था। इन 15 दिनों में प्रशिक्षण प्राप्त करने के पश्चात सभी छात्राओं के आत्मविश्वास में गजब की बढ़ोतरी पाई गई।

इस अवसर पर शासकीय महिला महाविद्यालय की प्राचार्य ज्योति सिन्हा, रक्षित निरीक्षक जयराम चेरमाको, चौकी प्रभारी मणिपुर अनीता आयाम उपस्थित थी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!