
बलरामपुर:बलरामपुर जिले के राजपुर नगर पंचायत में एक माह से मुख्य नगरपालिका अधिकारी के नहीं बैठने से विकास कार्य ठप पड़ा हुआ है। 23 दिसंबर को कांग्रेस के छह सत्ताधारी पार्षद कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर चार दिन के भीतर मुख्य नगरपालिका अधिकारी बैठाने की मांग की थी। सीएमओ के नहीं बैठाने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी थी। वार्ड के पार्षद भी वार्ड की समस्या को दूर नहीं कर पा रहे थे। चार दिन में स्थाई सीएमओ की पदस्थापना करने की मांग की थी, ताकि शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन और वार्ड की समस्या दूर हो सके। नहीं तो कांग्रेस के 6 पार्षद पूरनचंद जायसवाल, खोरेन खलखो, तरुणकांति केरकेट्टा, अनिता कश्यप, राहुल भारती व शिवप्रसाद नगर पंचायत के सामने आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी थी।
चार दिन बाद मंगलवार को पार्षदो ने नगर पंचायत कार्यालय के सामने आमरण अनशन में बैठने के लिए टेंट लगाया गया था। दोपहर करीब 11 बजे एसडीएम शशि कुमार चौधरी, तहसीलदार सुरेंद्र पैकरा ने संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास सरगुज़ा संभाग अंबिकापुर का पत्र लेकर पहुंचे। नगर पंचायत में पदस्थ सहायक ग्रेट 2 दयाशंकर गुप्ता को अस्थायी रूप से मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर प्रभार सौंपा। इसके बाद पार्षदो ने आमरण अनशन में बैठना समाप्त किए।
इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, नव नियुक्त सीएमओ दयाशंकर गुप्ता, पत्रकार एकता महासंघ के जिला अध्यक्ष अनिल सोनी, पार्षद पूरनचंद जायसवाल, खोरेन खलखो, अनिता कश्यप, महेंद्र गुप्ता, राजेंद्र सिंह, राजू जायसवाल, राजन त्रिपाठी, नगर पंचायत के कर्मचारीगण उपस्थित थे।



















