अंबिकापुर: जिला प्रशासन और सरगुजा पुलिस द्वारा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर व्यापक चर्चा की गई। इस बैठक का उद्देश्य विशेष रूप से अस्पताल परिसर और महिला स्टाफ की सुरक्षा को मजबूत करना था।

इस बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर सरगुजा  सुनील नायक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों और नगर पुलिस अधीक्षक रोहित कुमार शाह ने की। बैठक में जिले के मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राइवेट अस्पतालों के प्रमुख उपस्थित थे।

बैठक के दौरान, सभी अस्पताल प्रमुखों से उनके परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर पर्याप्त रोशनी और महिला व पुरुष गार्ड्स की तैनाती पर जोर दिया।

अस्पताल परिसर के आस-पास के क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए भी पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था पर जोर दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा ने बताया कि शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक थाना स्तर पर पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी द्वारा सभी अस्पतालों की भौतिक सुरक्षा की जांच की जाएगी।

महिला स्टाफ की सुरक्षा के संबंध में भी विशेष ध्यान दिया गया। अस्पताल प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि वे महिला स्टाफ के ड्यूटी के दौरान और ड्यूटी के बाद घर जाने के समय उनकी सुरक्षा की प्राथमिकता से ध्यान दें।

इस बैठक में मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, और विभिन्न प्राइवेट अस्पतालों के प्रमुखों के अलावा जिला प्रशासन और सरगुजा पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!