
अंबिकापुर: लमगांव सीनियर सिटीजन फोरम फॉर सिविल राइटस अंबिकापुर के तत्वावधान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमगांव में शिक्षक सम्मान समारोह तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन हुआ।मुख्य अतिथि के रूप में आयुक्त नगर निगम अंबिकापुर अभिषेक कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्र निर्माण युवाओं के निर्माण में शिक्षको की अहम भूमिका होती है।
आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक छात्र जीवन भर अपने शिक्षक को याद रखता है। जिस छात्र पर शिक्षक का गहरा प्रभाव पड़ता है, वह जीवन मे सफलता को प्राप्त करता है। सीनियर सिटीजन फोरम के अध्यक्ष श्री विष्णु प्रताप अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमगांव के परिसर शिक्षक और छात्रों की प्रशंसा की। फोरम द्वारा विद्यालय के 40 छात्र छात्राओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार स्कूल यूनिफॉर्म, पाठ्य-पुस्तकें, कॉपियां, जूते इत्यादि का वितरण किया गया। मुख्य अतिथि एवं फोरम के सदस्यों द्वारा विद्यालय प्रांगणनीम,गुलमोहर,आम,बांस,करंज के लगभग 50 पौधों का रोपण किया गया। फोरम ने विद्यालय के सभागार के लिए साउंड सिस्टम उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है ।
इस अवसर पर विद्यालय में आमंत्रित सेवानिवृत्त प्राचार्य श्रीश कुमार मिश्रा, त्रिभुवन कुमार सिंह , रफीक खान, सी.एल. सदावर्ती, सेवा निवृत प्रधानपाठक शिवनारायण प्रजापति, बृजेश कुमार सिंह का शाल एवं श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया एवं उनके कार्यों की सराहना की गई। फोरम द्वारा विद्यालय के समस्त छात्रों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।
इस कार्यक्रम में फोरम के अध्यक्ष विष्णु प्रताप अग्रवाल, रामकुमार अग्रवाल, कृष्णा अग्रवाल, आई.बी. तिवारी विद्यालय के प्राचार्य सहित अन्य उपस्थित थे।



















