कोरिया: जिले के प्रभारी सचिव एस. प्रकाश ने आज जिले के विकासखण्ड मनेन्द्रगढ़ में आकस्मिक निरीक्षण करते हुए सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता किसानों की धान खरीदी का जायजा लिया। अलग-अलग धान खरीदी केंद्रों में जाकर उन्होंने खरीदी प्रक्रिया से जुड़े हुए समस्त विषयों पर जानकारी लेते हुए धान बेचने आए कृषकों से बातचीत भी की। धान खरीदी केंद्र चैनपुर, लाई में प्रस्तावित सामुहिक जल प्रदाय योजना का कार्यस्थल तथा धान उपार्जन केंद्र नागपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने उपार्जन केंद्र में पहुॅचे किसानों से मिलकर धान के समर्थन मूल्य, धान की तौलाई आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। धान उपार्जन केंद्र में धान बेचने के लिए आए हुए किसानों से चर्चा करते हुए उन्होंने इलेक्ट्रानिक आद्रता मापी से धान की नमी की जांच करवाई।
जिले के प्रभारी सचिव प्रकाश ने निरीक्षण भ्रमण के दौरान सबसे पहले मनेन्द्रगढ विकासखण्ड के ग्राम पंचायत चैनपुर स्थित धान खरीदी केंद्र का जायजा लिया। यहां उन्होंने अपने सामने धान के बोरे का वजन कराने के साथ ही नमी मापक यंत्र से किसान द्वारा लाई गई धान में नमी की प्रतिशत की भी जांच की। किसानों की मांग पर उन्होंने प्रबंधक को पेयजल व्यवस्था हेतु निर्देशित किया। यहां उन्होंने किसानों के पंजीयन, टोकन जारी होने की स्थिति तथा लक्ष्य के अनुसार खरीदे जाने वाले धान की भी जानकारी ली। चैनपुर धान खरीदी केंद्र में ग्राम पंचायत डंगौरा से आये हुए किसान उदय सिंह से उन्होंने बातचीत करते हुए धान की फसल, कुल रकबा सहित पारिवारिक जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने ग्राम पंचायत लाई में हसदो नदी के एनीकट के पास बनने वाले सामुहिक जल प्रदाय योजना के इंटकवेल के लिए निर्धारित स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि इंटकवेल निर्माण हेतु आवश्यक कागजी कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है। विदित हो कि 20 करोड़ से अधिक की लागत से होने वाले सामुहिक जल प्रदाय योजना से लाई के आस-पास के कुल 20 गांव को स्वच्छ पेयजल की सुविधा प्राप्त होगी। हसदो पुल के समीप बनने वाले इस इंटकवेल के माध्यम से अमृतधारा की एक पहाड़ी पर दो लाख लीटर क्षमता की टंकी तक पानी ले जाया जायेगा। इस टंकी के माध्यम से आस-पास के 20 गांव को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सतत रूप से की जा सकेगी। लाई में जल प्रदाय योजना के चिन्हित स्थल का मुआयना करने के बाद प्रभारी सचिव श्री एस. प्रकाश ने धान उपार्जन केंद्र नागपुर का निरीक्षण किया। यहां धान बेचने के लिए आए हुए नागपुर के किसान लक्षमण प्रसाद यादव से उन्होंने गत वर्ष और इस वर्ष हुई धान के उपज के बारे में जानकारी ली। उपार्जन केंद्र के प्रभारी ने बताया कि बरबसपुर धान खरीदी केंद्र के 15 गांव के किसान यहां धान विक्रय कर सकेंगे। निरीक्षण दिनांक तक नागपुर धान उपार्जन केंद्र में 11 किसानों से 157 क्विंटल धान खरीदा गया है। प्रभारी सचिव द्वारा धान खरीदी केन्द्रों की पानी व्यवस्था, बैठक व्यवस्था सहित समुचित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
जिले के प्रभारी सचिव जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर के समीप ग्राम पंचायत आनी में बनाए जा रहे वृहद वन प्रदर्शन प्रक्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां उन्होंने लगाये गये पौधों के बारे में जानकारी ली। मौके पर उपस्थित जिला पंचायत सीईओ श्री कुणाल दुदावत ने बताया कि वनप्रदर्शन प्रक्षेत्र आनी में फलदार पौधों के बीच औषधीय पौधों की खेती और नर्सरी तैयार की जा रही है। वन प्रदर्शन प्रक्षेत्र में फलोद्यान के साथ वनोपज और इमारती व जलाऊ लकड़ी के रूप में आय के नये स्त्रोत बनेंगे। इससे जिले की स्व सहायता समूह की महिलाओं को अच्छा लाभ होगा।

इसके पूर्व प्रभारी सचिव एस. प्रकाश द्वारा अमृतधारा जलप्रपात पहुँचकर वहां पर्यटकों के ठहरने के लिए बनाए गए कॉटेज की व्यवस्था, बच्चों के मनोरंजन पार्क,सुरक्षा व्यवस्था, जल व्यवस्था, साफ सफाई, पर्यटकों के लिए कैंटीन व्यवस्था,पर्यटन स्थल के सौंदर्यीकरण हेतु पौधरोपण का निरीक्षण करने के पश्चात आवश्यक सुधार हेतु दिशानिर्देश प्रदान किए। प्रभारी सचिव के भ्रमण के दौरान जिला पंचायत सीईओ कुणाल दुदावत, एसडीएम मनेन्द्रगढ़ नयनतारा तोमर तथा धान खरीदी से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!