अम्बिकापुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मासिक रेडियो वार्ता लोकवाणी की 24वीं कड़ी का प्रसारण रविवार 12 दिसंबर को अकाशवाणी, एफएम रेडियो सहित क्षेत्रीय टीवी चैनलों में हुआ। लोकवाणी में इसबार मुख्यमंत्री ने नवा छत्तीसगढ़ और न्याय के तीन वर्ष विषय पर प्रदेशवासियों से बात की। इस कड़ी को अम्बिकापुर जनपद के आदर्श गोठान में स्व सहायता समूह की महिलाएं और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ सुनी। महिलाओं और ग्रामीणों ने लोकवाणी को नई-नई योजनाओं और सरकार के कार्यां की जानकारी मिलने का अच्छा माध्यम बताया ।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने लोकवाणी में कहा कि छत्तीसगढ़ मॉडल वास्तव में सहभागिता, समन्वय, सर्वहित, अपनी विरासत का सम्मान करते हुए, सद्भाव के साथ मिलजुलकर आगे बढ़ने के विचार से प्रेरित है। छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल में सबसे बड़ी बात है, एक दूसरे का साथ, चाहे वह योजनाओं के रूप में हो या परस्पर सहयोग के रूप में। उदाहरण के लिए जब हम गांव की बात करते हैं तो किसी एक विभाग या एक योजना की बात नहीं करते। नरवा, गरुवा, घुरुवा, बारी, गोधन न्याय योजना से शुरूआत करते हुए मल्टीयूटीलिटी सेंटर, रूरल इंडस्ट्रियल पार्क और फूडपार्क तक पहुंच जाते है। हमारा छत्तीसगढ़ मॉडल, समावेशी विकास का ऐसा मॉडल है, जिसके मूल में सद्भाव, करुणा तथा सबकी भागीदारी है। छत्तीसगढ़ ने तीन वर्षों में यह साबित कर दिखाया है कि छत्तीसगढ़ के लोगों को सिर्फ अपने राज्य में ही नहीं बल्कि पूरे देश में नई और सही सोच के साथ काम करने वाले लोगों के रूप में पहचाना जाएगा।

लोकवाणी सुनने के बाद गोठान के समूह की महिलाएं श्रीमती ललिता, राधिका, कलावती, दूधबाई ने कहा कि गोठानों में कई आजीविका मूलक गतिविधियां संचालित होने से समूह की महिलाओं को रोजगार मिल रहा है वही गोधन न्याय योजना से पशुपालकों को गोबर बेचकर अतिरिक्त आय मिल रही है जिससे ग्रामीण आर्थिक सशक्तीकरण को बल मिल रही है। प्रदीप, सूरज और रवि ने कहा कि लोकवाणी से प्रदेश के सांस्कृतिक मूल्यों और तीज त्योहारों सहित पूरे प्रदेश में हो रहे विकास कार्यां की भी जानकारी मिलती है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!