
कुसमी/ कुंदन गुप्ता: छग अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को चौथे दिन भी जारी रहा। हड़ताली कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए अपनी 2 सूत्रीय मांगों के समर्थन में मुख्य मार्गों में रैली निकालकर आवाज बुलंद की। छग अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन अपनी 2 सूत्रीय मांगों को लेकर 22 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।
दुर्गा बाड़ी के प्रांगण में फेडरेशन के बैनर तले विभिन्न विभाग और अलग-अलग संघों के कर्मचारी एकजुट होकर अनिश्चितक़ालीन हड़ताल किया जा रहा है।हड़ताल के चौथे दिन कर्मचारियों ने 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता व सातवें वेतन के अनुरूप गृह भाड़ा भत्ता की मांग को लेकर दुर्गा बाड़ी से मुख्य मार्गों होते हुए शिव चौक तक रैली निकालकर जमकर नारे लगाए। धरना सभा में सहायक शिक्षक फेडरेशन संघ एलबी ब्लॉक अध्यक्ष हरकेश भारती ने कहा कि महंगाई भत्ता जो राज्य सरकार द्वारा दिए जाने की घोषणा की गई है, वह उनके हितों के साथ कुठाराघात है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भी कांग्रेस की सरकार है और वहां पर कर्मचारी हितों को ध्यान में रखते हुए 34 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने का निर्णय लिया गया है। लेकिन छग में कांग्रेस सरकार का रवैया समझ से परे है। उन्होंने कहा कि 5 दिवसीय हड़ताल के समय ही अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की जा चुकी थी। लेकिन राज्य सरकार ने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने इस बार मांग पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने की बात कही है। चौथे दिन के अनिश्चित कालीन हड़ताल, धरना-प्रदर्शन व रैली को सफल बनाने में अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन संघ कुसमी ब्लॉक संयोजक संजीव शर्मा, शालेय शिक्षक संघ ब्लॉक अध्यक्ष शशांक दुबे, लिपिक संघ ब्लॉक अध्यक्ष सोनल सिन्हा, मनीष सिन्हा, सौरभ कुमार, ओम प्रकाश सोनवानी, सुनील गुप्ता, अनिल सिन्हा, अविनाश गुप्ता, अजीत सिंह, विजय मिश्रा, अशोक गुप्ता, पेंशनर संघ पवन साय सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी-कर्मचारी संघ उपस्थित रहे।



















