डेस्क: आगामी 15 अगस्त 2024 को भारत अपना 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। पूरे देश में इस दिवस को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस बीच हरियाणा सरकार ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बड़ा फैसला किया है। हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ने कहा है कि अब राज्य के स्कूलों में छात्रों को सुबह गुड मॉर्निंग की जगह जय हिंद बोलना होगा। सरकार के इस फैसले का क्रियान्वयन 15 अगस्त 2024 से शुरू कर दिया जाएगा। आइए जानते हैं कि हरियाणा सरकार ने इस फैसले के पीछे क्या वजह बताई है।

हरियाणा सरकार की ओर से जारी किए गए परिपत्र में कहा गया है कि इस स्वतंत्रता दिवस से सभी स्कूलों में गुड मॉर्निंग की जगह पर अब जय हिंद का प्रयोग किया जाएगा। स्कूल शिक्षा निदेशालय के आदेश में कहा गया है कि इस कदम का उद्देश्य छात्रों में ‘देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की गहरी भावना उत्पन्न करना है। इस आदेश को सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों, जिला खंड शिक्षा अधिकारियों, खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को भेज दिया गया है।

हरियाणा सरकार के आदेश में कहा गया है कि जय हिंद का नारा सुभाष चंद्र बोस ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान दिया था। भारत के सशस्त्र बलों ने भी जय हिंद को सलामी के रूप में स्वीकार किया था। सरकार ने कहा है कि स्कूलों में अब गुड मॉर्निंग की जगह जय हिंद का उपयोग किया जाएगा। इससे हर दिन छात्रों को राष्ट्रीय एकता की भावना से प्रेरित किया जा सकेगा। साथ ही देश के समृद्ध इतिहास के प्रति सम्मान भी व्यक्त किया जा सकेगा।

हरियाणा सरकार ने कहा है कि जय हिंद का अभिवादन छात्रों को देश की आजादी के लिए किए गए बलिदानों की सराहना करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। सरकार ने ये भी कहा है कि जय हिंद का नारा क्षेत्रीय, भाषाई और सांस्कृतिक मतभेदों से परे है और विभिन्न पृष्ठभूमि के छात्रों के बीच एकता को बढ़ावा देता है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!