
अम्बिकापुर:छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया गुरुवार को एक दिवसीय प्रवास पर उदयपुर पहुंचे। उन्होंने उदयपुर विकासखण्ड के धान खरीदी केंद्र डांड़गांव का निरीक्षण कर 1 दिसम्बर से शुरू हुए समर्थन मूल्य में धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी पंजीकृत किसानों का धान खरीदने तथा छोटे और मध्यम किसानों को प्राथमिकता देते हुए पहले टोकन जारी करने के निर्देश दिए। धान खरीदी केंद्र में खरीदी की तैयारी तथा अन्य व्यवस्थाओं से उन्होंने संतुष्टि जाहिर की।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री डॉ डहरिया ने उपार्जन केंद्र अंतर्गत पंजीकृत किसानों की संख्या, धान की गुणवत्ता, और नमी की मात्रा, पहले और दूसरे दिन जारी टोकन संख्या और धान की मात्रा आदि की जानकारी ली। उन्होंने इस दौरान किसानों के धान वजन करने की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। उन्होंने धान तौल में वजन ज्यादा होने पर बारदाने में धान की वजन की निर्धारित मात्रा की जानकारी ली और बोरी सहित 40.60 किलोग्राम ही वजन करने कहा। इसी प्रकार धान की गुणवत्ता का भी निरीक्षण कर नमी के बारे में पूछताछ की और धान के लिए निर्धारित नमी की जांच कर खरीदी करने कहा। डॉ डहरिया ने खरीदी केन्द्र द्वारा जारी की गई टोकन की संख्या कम होने पर टोकन संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। डॉ डहरिया ने धान बेचने आये किसानों से खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं तथा सुविधाओं के संबंध में पूछ-ताछ की और उन्हें टोकन के आधार पर धान बेचने कहा। किसानों ने बताया कि उन्हें किसी प्रकार की समस्या नही हो रही है। व्यवस्थित तरीके से यहां धान खरीदी हो रही है।
बताया गया कि डांड़गांव उपार्जन केंद्र अंतर्गत 805 किसान पंजीकृत है। पहले दिन केवल 2किसानों को टोकन जारी किया गया था जिनसे 42 क्विंटल धान खरीदी हुई। दूसरे दिन 14 किसानों का टोकन काटा है। यहां 5 वजन मशीन और 1 नमी मापक यंत्र है।इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राकेश गुप्ता, राजनाथ सिंह, राधा रवि, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रामदेव राम, कलेक्टर संजीव कुमार झा, जिला विपणन अधिकारी आरपी पांडेय, जिला खाद्य अधिकारी रविन्द्र सोनी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।



















