महिला कर्मचारियों को किया गया सम्मानित

अम्बिकापुर: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को पीजी कॉलेज के ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरगुजा कमिश्नर जीआर चुरेन्द्र ने की। महिला एवं बाल विकास के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभाग के कार्यकर्ता एवं महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ महिला कर्मचारियों, महिला पुलिसकर्मियों एवं महिला बाल विकास विभाग में पदस्थ महिला कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उन्हें सम्मानित किया गया।

कमिश्नर श्री चुरेन्द्र ने कहा कि समाज में महिलाओं को समान अधिकार दिलाने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। सरकार की ओर से महिलाओं की सुरक्षा तथा सम्मान पर विशेष ध्यान देने के लिए महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। महिलाओ को अपना अधिकार पाने के लिए जागरूक होना होगा । उन्होंने कहा कि संस्थानों , कार्यालयों तथा अन्य स्थानों पर महिलाओं के उत्पीड़न को रोकने के लिए विभिन्न आयोजन के माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया जाता है। समाज तथा परिवार की महिलाओं को समानता का अधिकार प्राप्त होना चाहिए। आज महिलाएं हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए शासन के द्वारा विभिन्न प्रकार की योजनाएं चलाई जाती हैं। घरेलू हिंसा जैसी घटना से बचने के लिए घर में प्रत्येक सदस्य बीच कार्य का बंटवारा होना चाहिए। जिससे महिलाओं के ऊपर कार्य का बोझ कम हो जाएगा और अपने उत्तरदायित्व को बखूबी निभा पाएंगी।

कार्यक्रम में छतीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा, जिला पंचायत सदस्य अर्पिता सिंहदेव, जनपद पंचायत अम्बिकापुर की अध्यक्ष ननकी सिंह, डिप्टी कमिश्नर सरगुजा संतन देवी जांगड़े, अपर कलेक्टर तनुजा सलाम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जनार्दन खरे एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी बसंत मिंज उपस्थित थे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!