
रायपु: प्रदेश से मानसून की विदाई आने वाले तीन-चार दिनों में तय मानी जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी की वजह से शुक्रवार को भी प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। प्रदेशभर में गुरुवार सुबह से ही आंशिक रूप से बादल छाए हुए थे। सुबह करीब 11 बजे रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में वर्षा हुई। रामानुजनगर में 10 सेमी, कुसमी में नौ सेमी, बलरामपुर में आठ सेमी वर्षा दर्ज की गई है। अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हुई है।
प्रदेशभर में कृषि विज्ञान केंद्र दंतेवाड़ा में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शनिवार के बाद से प्रदेश में वर्षा के आसार नहीं है। हालांकि नम हवाओं के चलते मौसम में ठंडकता बनी रहेगी। अक्टूबर के आखिर तक हल्की ठंड भी शुरू हो जाएगी।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून की विदाई के लिए अनुकूल स्थिति आ रही है। अगले तीन से चार दिनों में मानसून विदा हो सकता है। इन दिनों प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से प्रचुर मात्रा में नमी आ रही है।



















