
रायपुर: बीते कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा है और इसके चलते वर्षा भी हो रही है। इसके चलते अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आइ है और मौसम में भी ठंडकता आ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को भी प्रदेश में बादल छाए रहने के साथ ही हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। प्रदेश में अब तक 1266.1 मिमी वर्षा हो चुकी है। सामान्य वर्षा की तुलना में यह 11 प्रतिशत ज्यादा है।
गुरुवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में बादल छाए रहे। साथ ही कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। रायपुर का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है।
प्रदेश भर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस एआरजी सारंगढ़ में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी,तटीय आंध्रप्रदेश के ऊपर है। इसके प्रभाव से शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्ना क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा संभावित है।
छत्तीसगढ़ में अब तक 1235.8 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2022 से अब तक राज्य में 1235.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून से आज 29 सितम्बर तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 2372.3 मिमी और सरगुजा में जिले में सबसे कम 571.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सूरजपुर में 966.0 मिमी, बलरामपुर में 961.5 मिमी, जशपुर में 990.6 मिमी, कोरिया में 868.6 मिमी, रायपुर में 905.8 मिमी, बलौदाबाजार में 1131.8 मिमी, गरियाबंद में 1244.6 मिमी, महासमुंद में 1140.6 मिमी, धमतरी में 1299.0 मिमी, बिलासपुर में 1431.1 मिमी, मुंगेली में 1295.0 मिमी, रायगढ़ में 1162.9 मिमी, जांजगीर-चांपा में 1341.9 मिमी, कोरबा में 1181.7 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 1065.8 मिमी, दुर्ग में 956.6 मिमी, कबीरधाम में 1114.1 मिमी, राजनांदगांव में 1208.7 मिमी, बालोद में 1278.6 मिमी, बेमेतरा में 705.5 मिमी, बस्तर में 1806.5 मिमी, कोण्डागांव में 1270.0 मिमी, कांकेर में 1528.1 मिमी, नारायणपुर में 1432.6 मिमी, दंतेवाड़ा में 1797.2 मिमी और सुकमा में 1575.1 मिमी औसत वर्षा रिकार्ड की गई



















