
बलरामपुर: बलरामपुर जिले के रामानुजगंज पुलिस ने 5 वर्षों से फरार चल रहे शराब तस्कर को उत्तर प्रदेश के कासगंज, एटा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अरुण कुमार सिंह (पिता रोहितास सिंह, उम्र 34 वर्ष, निवासी कासगंज, उत्तर प्रदेश) को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज वैभव बैंकर के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी एवं अनुविभागीय अधिकारी रामानुजगंज बाजीलाल सिंह के नेतृत्व में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। इसी क्रम में, 18 जनवरी 2021 को रामानुजगंज थाना पुलिस ने भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब परिवहन की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 900 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की थी। इस दौरान आरोपी अरुण कुमार सिंह फरार हो गया था।आरोपी की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित कर विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि अरुण कुमार सिंह उत्तर प्रदेश के कासगंज, एटा क्षेत्र में देखा गया है। रामानुजगंज पुलिस टीम ने गुप्त रूप से अपनी पहचान छिपाकर स्थानीय वेशभूषा, रीति-रिवाज व भाषा को अपनाते हुए आरोपी की रेकी की। जब आरोपी की पहचान सुनिश्चित हुई, तो उसे हिरासत में लेकर थाना रामानुजगंज लाया गया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद विधिक प्रक्रिया पूर्ण कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।