
जशपुर: जशपुर पुलिस ने जाली नोट के कारोबार में शामिल ललित कुमार त्रिपाठी और अर्जून राम को गिरफ्तार किया है। ललित कुमार त्रिपाठी ने जाली नोटों के लेन-देन में मध्यस्तता कर मोटा कमीशन कमाया। पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके आरोपी सम्पत कुमार टोप्पो के कब्जे से 75 हजार रुपये के जाली नोट, 49 हजार रुपये के असली नोट और 04 बंडल सफेद कागज बरामद किया गया था। पुलिस की इस कार्रवाई से जाली नोट के व्यापार में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
थाना बागबहार ने ग्राम चिकनीपानी के भरारी नाला के पास एक सफेद रंग की आल्टो कार से 75 हजार रुपये के नकली नोटों के साथ सम्पत कुमार टोप्पो को गिरफ्तार किया। टोप्पो के पास 500-500 रुपये के नकली नोट कुल 150 नग और असली नोट 49 हजार रुपये नगद के रूप में मिले।
पूछताछ में टोप्पो ने बताया कि उसने ललित कुमार त्रिपाठी के निर्देश पर नकली नोटों का सौदा किया। ललित कुमार त्रिपाठी, अर्जून राम और एक अन्य व्यक्ति मौके पर पुलिस के आने से पहले कार से भाग गए थे। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश की और 31 जुलाई 2024 को ललित कुमार त्रिपाठी और अर्जून राम को गिरफ्तार किया। उनके पास से नकली नोटों से संबंधित कोई सामग्री नहीं मिली, लेकिन अर्जून राम के पास घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया गया।ललित कुमार त्रिपाठी और अर्जून राम को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। एक आरोपी की अभी भी तलाश जारी है।



















