
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आज जन्मदिन है। वे अब 73 साल के हो गए हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (President Droupadi Murmu), उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई राजनेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति मुर्मु ने पीएम मोदी (PM Modi) को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेरी शुभेच्छा है कि अपनी दूरगामी दृष्टि तथा सुदृढ़ नेतृत्व से आप ‘अमृत काल’ में भारत के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करें। राष्ट्रपति ने कहा कि मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें। इसके साथ ही, देशवासियों को अपने अप्रतिम नेतृत्व से लाभान्वित करते रहें।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपके दूरदर्शी नेतृत्व, मिशनरी भावना और अनुकरणीय क्रियान्वयन ने भारत को अभूतपूर्व प्रगति और युगांतरकारी परिवर्तन की ओर अग्रसर किया है। ईश्वर आपको आने वाले वर्षों में भारत की सेवा में लगे रहने के लिए अच्छा स्वास्थ्य और प्रसन्नता का आशीर्वाद दे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि मोदी जी में नेतृत्व, संवेदशीलता और परिश्रम का दुर्लभ संयोजन देखने को मिलता है। उन्होंने देश के सोचने के स्केल और साइज को बदला है, जिससे चाहे कोरोना की वैक्सीन बनाना हो या चंद्रयान-3 की सफलता, आज हमारा तिरंगा पूरे विश्व में शान से लहरा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी हर भारतीय के दिल में बसने वाले एक अद्भुत नेता हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारत के हर व्यक्ति के दिल से जुड़कर उसे देश के विकास से जोड़ने का अद्भुत काम इतिहास में पहली बार प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। देश के करोड़ों गरीबों को गरीबी के अभिशाप से मुक्त कर उनके जीवन को बदलने के अपने संकल्प के कारण मोदी जी आज ‘दीनमित्र’ के रूप में जाने जाते हैं।



















