
नई दिल्ली, एजेंसी। देश के कई राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कई दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने के बाद एक बार फिर से मौसम बदलने लगा है। दिल्ली सहित कई राज्यों में शुक्रवार से हीटवेट का अनुमान है। गुजरात के सुरेंद्रनगर में 46 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। यूपी-बिहार, हरियाणा जैसे राज्यों में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग की मानें, तो गर्मी और हीटवेव से जल्द राहत मिलती नहीं दिख रही है।
दिल्ली में फिर से गर्मी बढ़ रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार से हीटवेव की चेतावनी जारी की है, जोकि तीन दिनों तक चलेगी। आईएमडी के मुताबिक शुक्रवार से मौसम बदलेगा, जब अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहेगा और अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक जाएगा। तीन दिनों तक हीट वेव से राहत नहीं मिलने वाली है। इसके बाद 16 मई को तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहेगा। आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे।
दिल्ली के अलावा भी कई राज्यों में हीटवेव कहर बरपाने वाली है। राजस्थान में 12 मई से 14 मई तक हीटवेव का कहर रहेगा। इसके अलावा, मध्य प्रदेश के कई इलाकों में 11 मई से ही हीटवेव पड़ने लगी है, जोकि 15 मई तक जारी रहेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 और 15 मई को हीटवेव कहर बरपाने वाली है। मौसम विभाग की माने तो अहमदाबाद, भोपाल, चंडीगढ़, जयपुर, लखनऊ और गाजियाबाद में आज तापमान 40 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया जा सकता है। राजस्थान के जयपुर में आज न्यूनतम तापमान 31 डिग्री और अधिकतम तापमान 45 डिग्री रह सकता है। वहीं, मध्य प्रदेश के भोपाल में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 43 डिग्री रह सकता है।
गुजरात में भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक सुरेंद्रनगर में गुरुवार को सर्वाधिक उच्चतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले भी यहां का तापमान इतना ही दर्ज किया गया था। विभाग के मुताबिक उत्तरी गुजरात और सौराष्ट्र के ज्यादातर हिस्से में शुक्रवार को भी हालात ऐसे ही बने रहेंगे और लू चलेगी। अहमदाबाद, गांधीनगर, सबरकांठा, पाटन, मेहसाणा, राजकोट, सुरेंद्रनगर, अमरेली और कच्छ जिलों को गर्मी से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान में गर्मी का कहर जारी है। गुरुवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। इनमें अधिकतम तापमान 48.1 डिग्री के साथ बाड़मेर सबसे गर्म जिला रहा, इसके बाद गंगानगर (47.3), बीकानेर और जैसलमेर (47.2), चुरू (46.9), कोटा (46.7), खरगोन (46.4), राजगढ़ और जोधपुर (46) बेहद गर्म शहर दर्ज किए गए। हालांकि मौसम कार्यालय का कहना है कि अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है और इसके बाद ही पारा 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
दूसरी ओर, देश में इस साल दक्षिण पश्चिमी मानसून समय से पहले आ सकता है और अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में पहली मौसमी बारिश 15 मई को होने की संभावना जताई गई है। मौसम मौसम विज्ञान विभाग ने अपने एक बयान में बताया, दक्षिण पश्चिम मानसून के 15 मई के आसपास दक्षिणी अंडमान सागर और दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में पहुंचने की संभावना है।



















