कोरिया: कलेक्टर कुलदीप शर्मा एवं जिला पंचायत सीईओ कुणाल दुदावत ने विकासखण्ड सोनहत दौरे के दौरान पोड़ी एवं रजौली गौठान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्व सहायता समूह की महिलाओं से गौठान में संचालित आजीविकामूलक गतिविधियों के संचालन, आमदनी एवं गौठान की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। पोड़ी गौठान में स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा अलग-अलग आजीविका मूलक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। जिनमें 30 से ज्यादा महिलाओं को आय का साधन मिला है। गौठान में वर्मी कम्पोस्ट और केंचुआ उत्पादन, किचन गार्डन के लिए बैंगन, टमाटर आदि के पौधे तैयार करना, मशरूम उत्पादन, बकरी पालन किया जा रहा है। जल्द ही मुर्गी पालन भी महिलाओं द्वारा शुरू किया जाएगा। इसके लिए शेड तैयार कर लिया गया है।

कलेक्टर ने वर्मी खाद एवं केंचुआ निर्माण करने वाली साक्षर महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं से लाभांश पर बात की तो उन्होंने बताया कि महिलाओं को अब तक 1 लाख 87 हजार रुपए का लाभ हुआ है। कलेक्टर श्री शर्मा ने उद्यानिकी विभाग को गौठान में सामुदायिक बाड़ी व्यवस्था को सुदृढ करने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार रजौली गौठान एवं सामुदायिक बाड़ी में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री शर्मा ने महिलाओं से बात कर गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को गौठान में जल्द मुर्गी पालन शुरू किए जाने एवं बकरियों की संख्या में वृद्धि कराने के निर्देश दिए। सामुदायिक बाड़ी में करेला, बरबट्टी, लौकी जैसी सब्जियां लगाने एवं हल्दी, लहसुन, अदरक का उत्पादन किए जाने कहा। उन्होंने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को जिले में गौठानो का चिन्हांकन कर नींबू के पौधे लगाए जाने की योजना बनाने के निर्देश दिए।

बिहान वेयर हाउस एवं प्रोसेसिंग सेंटर का किया अवलोकन

बिहान वेयर हाउस एवं प्रोसेसिंग सेंटर का निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री शर्मा ने उपस्थित महिलाओं से सेंटर में उत्पादों के निर्माण, कार्ययोजना, मार्केटिंग आदि पर बात की। उन्होंने मशरूम उत्पादन, खाद निर्माण यूनिट, कम्पोस्टिंग का अवलोकन किया। समूह की महिला ने बताया कि यहां 2 हजार मशरूम बैग की क्षमता है। कलेक्टर श्री शर्मा ने राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों को 1 सप्ताह के भीतर मशरूम रूम निर्माण कार्य पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!