
अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने साइबर फ्राड के चार अपराधियों को नबादा से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इन अपराधियों के ऊपर देश भर में 76 से अधिक मामले दर्ज हैं। अन्यजिलों की पुलिस को जैसे ही यह खबर लगी कि सरगुजा पुलिस केहाथ साइबर फ्राड के अपराधी लगे हैं वे स्थानीय पुलिस से संपर्क करने में लगे हैं ।
सरगुजा जिले में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय कुमार यादव व पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम काम्बले के मार्गदर्शन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अखिलेश कौशिक के निर्देशन में साइबर फ़्राड के अपराधियों के मांद तक पहुंचने की कोशिश पुलिस कर रही है। इसी क्रम में पुलिस को चार आरोपितों को नवादा बिहार से पकड़ने में सफलता मिली थी। ये चारों आरोपी क्रमशः मो शाहिद रजा, मो अजीम अंसारी, अली हुसैन, अयूब अंसारी सरगुजा जिले के अपराध क्रमांक 1244/21 धारा 420 भादवि, 66डी आईटी एक्ट के आरोपित हैं। उनकी जानकारी भारत के नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल में अपलोड की गई थी। आरोपियों से प्राप्त मोबाइल नंबर, आईएमईआई की डिटेल अपलोड करने पर जानकारी प्राप्त हुई कि देश भर में इनके द्वारा 76 साइबर फ्राड के अपराध किए गए हैं। अन्य सभी राज्यों की पुलिस अपने-अपने मामले में गिरफ्तारी हेतु सरगुजा पुलिस से संपर्क कर रही है।



















