
बलरामपुर: बलरामपुर जिले के थाना चाँदो में पिछले आठ वर्षों से फरार चल रहे एक हत्या के आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। यह आरोपी 2016 में हुए एक सनसनीखेज हत्या मामले का मुख्य आरोपी था। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद उसे झारखंड के गढ़वा जिले से गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार आरोपी मनोज सिंह खैरवार उम्र 28 वर्ष जो कि झारखंड के गढ़वा जिले के केरवा गांव का निवासी है, 18 अक्टूबर 2016 को करचा गांव के निवासी रुबेन खेस की हत्या में शामिल था। इस मामले में उसके साथ अन्य आरोपी भी शामिल थे, लेकिन मनोज सिंह खैरवार लगातार फरार चल रहा था।
दरअसल पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर द्वारा सभी थाना और चौकी प्रभारीयों को पुराने लंबित मामलों में फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद थाना चाँदो के प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र यादव ने इस मामले को गंभीरता से लिया और एक टीम का गठन किया। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपी को झारखंड के गढ़वा जिले से गिरफ्तार किया और चाँदो थाने लाया। आरोपी से पूछताछ में उसने आरोपी अगीन साय एवं शैलेष उर्फ शोले खेस के साथ मिलकर ग्राम करचा निवासी रुबेन खेस की हत्या करना स्वीकार किया एवं घटना के बाद से फरार रहना बताया और 8 वर्षों से फरार रहने की बात बताई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया।
इस मामले में थाना चाँदो के कर्मचारियों और बलरामपुर साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसमें निरीक्षक राजेन्द्र यादव, आरक्षक विश्वनाथ सिंह, संदीप सिंह, संजय सिंह, दारा और आकाश तिवारी ने उल्लेखनीय कार्य किया।



















