
रायपुर: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से एक बार फिर नक्सलियों की कायराना करतूत सामने आई है। सुकमा में रविवार को एक घर में IED ब्लास्ट होने से 2 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि ब्लास्ट में एक महिला के पैर के चीथड़े उड़ गए हैं। IED को नक्सलियों ने छिपाया था। वहीं बीजापुर में नक्सलियों ने मोबाइल टावर में आग लगा दी है। नक्सलियों ने बीजापुर बंद का आह्वान किया है।
जानकारी के अनुसार सुकमा के जगरगुंडा क्षेत्र के भीमापुरम गांव में दोपहर को एक मकान में जोरदार धमाका हुआ। आसपास के लोग दौड़ के पहुंचे तो दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ी थीं। दोनों महिलाओं को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की पुष्टि पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने की है।वहीं दूसरी ओर बीजापुर में शनिवार देर रात नक्सलियों ने मोबाइल टावर को आग के हवाले कर दिया है। बताया जा रहा है कि टावर में आग लगाने के बाद जेनरेटर को फूंक दिया है। इससे कई गांवों में नेटवर्क की समस्या हो गई है। पूरा मामला कादुलनार के आदेड़ इलाके का है।



















