
नई दिल्ली: गुजरात सरकार ने अपने कर्मचारियों को एक बड़ा तोहफा देते हुए बुधवार को एक बड़ा फैसला किया है। गुजरात की भूपेंद्र पटेल सरकार ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए रिटायरमेंट और डेथ ग्रेच्युटी लिमिट को 25 प्रतिशत बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दिया है। बताते चलें कि इससे पहले, गुजरात सरकार के कर्मचारियों को रिटायरमेंट पर अधिकतम 20 लाख रुपये की लिमिट में ही रिटायरमेंट और डेथ ग्रेच्युटी का भुगतान किया जाता था। सरकार के इस फैसले से अब गुजरात के सरकारी कर्मचारियों को 25 लाख रुपये तक की ग्रेच्युटी दी जाएगी। राज्य सरकार के इस फैसले से गुजरात के लाखों कर्मचारियों को फायदा होगा।
1 जनवरी, 2024 के बाद रिटायर होने वाले कर्मचारियों को मिलेगा फायदा
गुजरात सरकार के इस फैसले के बाद राज्य के सरकारी कर्मचारियों को केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बराबर ग्रेच्युटी मिलेगी। राज्य के सरकारी कर्मचारियों की ग्रेच्युटी बढ़ाने के फैसले से गुजरात सरकार को हर साल 53.13 करोड़ रुपये का एक्स्ट्रा खर्च करना होगा। 1 जनवरी, 2024 के बाद रिटायर होने वाले गुजरात सरकार के सभी कर्मचारियों को बढ़ी हुई ग्रेच्युटी लिमिट का फायदा मिलेगा। हालांकि, जो कर्मचारी 1 जनवरी, 2024 से पहले रिटायर हुए हैं, उनके लिए ये लिमिट लागू नहीं होगी।



















