
अंबिकापुर: सरगुजा जिले में थाना लुन्ड्रा पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में सख्त वैधानिक कार्यवाही की और आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सब्बल और डंडा जप्त किया है।
जानकारी ने अनुसार प्रसिद्ध नारायण यादव ने 10 जुलाई 2024 को थाना लुन्ड्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 जुलाई 2024 को उनका बड़ा भाई कृष्णा यादव अपने खेत में काम कर रहा था। उसी समय उनके घर से गाय का बछड़ा सत्यनारायण गुप्ता के गन्ने के खेत में चला गया। सत्यनारायण गुप्ता के बच्चों ने बछड़े को भगाया और बाद में सत्यनारायण गुप्ता, रविन्द्र गुप्ता, लल्लू गुप्ता और संजय गुप्ता ने कृष्णा यादव के घर जाकर गाली-गलौज की। जब कृष्णा यादव ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने सब्बल, डंडा और मुक्कों से हमला कर उसे गंभीर चोटें पहुंचाईं।
आहत के हो-हल्ला करने पर आरोपी मौके से भाग गए। घटना की सूचना पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 183/24 धारा 296, 115(1), 351(2), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान, कृष्णा यादव की गंभीर चोटों की पुष्टि डॉक्टर द्वारा की गई। डॉक्टर ने कहा कि तत्काल इलाज न मिलने पर उनकी मृत्यु हो सकती थी। इस आधार पर, मामले में धारा 109 बी.एन.एस. जोड़ी गई।
आरोपियों सत्यनारायण गुप्ता (59), रविन्द्र गुप्ता (29), राजेंद्र उर्फ लल्लू गुप्ता (22), और संजय गुप्ता (35) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सब्बल और डंडा जप्त किए गए। आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।



















