
अंबिकापुर: सरगुजा जिले में नवविवाहिता के आत्महत्या मामले में पुलिस ने पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। नवविवाहिता ने दहेज प्रताड़ना से तंग आकर शादी के 4 महीने बाद फांसी लगा ली थी। घटना लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमदरा की है।
जानकारी के अनुसार मैनपाट निवासी रूमा यादव (20 वर्ष) की शादी जून 2023 में जमदरा निवासी नागेंद्र यादव (23 वर्ष) के साथ हुआ था। विवाह के बाद दहेज में बाइक, मोहर और घरेलू सामान नहीं लाने को लेकर पति नागेंद्र यादव, ससुर गुलाब यादव और सास आरती यादव ने उसे प्रताड़ित किया था। इसकी सूचना रूमा यादव ने अपने मायके पक्ष को दी थी।1 अक्टूबर 2023 को रूमा यादव ने घर के कमरे में फांसी लगा ली थी। उस दिन भी दहेज को लेकर ससुराल वालों से विवाद हुआ था। घटना की सूचना पर कुन्नी पुलिस चौकी ने मामला दर्ज किया था। मायके पक्ष ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने की जानकारी पुलिस को दी थी। पुलिस ने रिश्तेदारों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की थी।पुलिस ने जांच के बाद पति नागेंद्र यादव सहित ससुर गुलाब यादव (42 वर्ष), सास आरती यादव (40 वर्ष) के खिलाफ धारा 304बी के तहत अपराध दर्ज किया। कुन्नी पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर अंबिकापुर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



















