नारायणपुर: नारायणपुर जिले में रविवार की सुबह सर्चिंग पर निकले जवानों पर माओवादियों ने हमला कर दिया है। माओवादियों ने जवानों पर पहले IED ब्लास्ट की। फिर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। हालांकि, जवानों ने भी वक्त रहते मोर्चा संभाल लिया। जवाबी कार्रवाई में माओवादी भाग गए। फोर्स घटना स्थल की सर्चिंग कर रही है। मामला ओरछा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, DRG और CAF का संयुक्त बल सुबह करीब 8 बजे एरिया डोमिनेशन पर निकला हुआ था। इस बीच ग्राम गुदाड़ी से पहले बरसाती नाले के पास सुबह 9:10 पर माओवादियों ने कुकर IED ब्लास्ट किया। जिसके बाद फौरन जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया। दोनों तरफ से कुछ देर तक गोलीबारी हुई। हालांकि, जवानों को भारी पड़ता देख माओवादी जंगल की आड़ लेकर भाग निकले।

बताया जा रहा है कि, जवान अब भी घटना स्थल पर मौजूद हैं। सर्चिंग पर जवानों ने करीब 100 मीटर तार बरामद किया है। इलाके की सर्चिंग करते हुए जवान आगे बढ़ रहे हैं। बस्तर के IG सुंदरराज पी ने बताया कि इस मुठभेड़ में हमारे सारे जवान सुरक्षित हैं। नक्सली भाग गए हैं। सर्चिंग जारी है। जवान अभी लौटे नहीं हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!