
नई दिल्ली, एएनआइ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण किया। प्रधानमंत्री मोदी इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि नेताजी की 125वीं जयंती पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भव्य प्रतिमा लगाने का निर्णय मोदी जी ने लिया है। ये प्रतिमा देश की आने वाली पीढ़ियों को पराक्रम, देशभक्ति और बलिदान की प्रेरणा देगी। ये प्रतिमा देश के करोड़ों लोगों के मन के भाव की अभिव्यक्ति होगी।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर आज से देश में गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत की गई है। इस अवसर को चिह्नित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इंडिया गेट पर बोस की होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण किया है। वहीं, आज यानी 23 जनवरी को देश में पराक्रम दिवस के रूप में भी मनाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, जब तक प्रतिमा पर काम पूरा नहीं हो जाता, तब तक नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा उसी स्थान पर मौजूद रहेगी। इंडिया गेट पर लगने वाली होलोग्राम की प्रतिमा पर नेताजी की 3डी छवि पेश की गई है। होलोग्राम प्रतिमा का आकार 28 फीट ऊंची और 6 फीट चौड़ी है।
पीएम मोदी द्वारा सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा अनावरण करने के साथ ही वह स्थापना समारोह में वर्ष 2019, 2020, 2021 और 2022 के लिए सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार भी प्रदान किए गए। यह पुरस्कार आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में व्यक्तियों और संगठनों द्वारा किए गए योगदान को पहचानने और सम्मानित करने के लिए है।
बता दें कि महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा को उस जगह लगाई जाएगी जहां पहले ब्रिटेन के राजा जार्ज पंचम की मूर्ति लगी थी। जार्ज पंचम की प्रतिमा को साल 1968 में हटा दिया गया था।



















