
भोपाल: मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी कांग्रेस के इलेक्शन कैंपेन की कमान संभालेंगी। मध्यप्रदेश में वह लगभग 40 जनसभाएं और रैलियां करेंगी। एक दिन में उनकी 2 से 3 रैलियां रहेंगी। चुनाव की घोषणा होने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका कमोबेश हर दूसरे दिन यहां रहेंगी।
प्रियंका के साथ कई बार राहुल गांधी भी यहां आएंगे, लेकिन मध्यप्रदेश में कैंपेन की रणनीति को अंतिम रूप प्रियंका ही देंगी। वह मध्यप्रदेश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के कैंपेन का भी जिम्मा संभालेंगी। रणनीति के तहत राहुल राजस्थान और तेलंगाना का कैंपेन लीड करेंगे। प्रियंका भी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ से ब्रेक लेकर कुछ सभाएं राजस्थान व तेलंगाना में करेंगी।
कांग्रेस के चुनाव रणनीतिकारों ने इसका ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है। प्रियंका के ऑफिस ने भी इस बात की पुष्टि की है कि चुनाव की घोषणा होते ही प्रियंका गांधी के एमपी में दौरे शुरू हो जाएंगे। हमने कांग्रेस से जुड़े वरिष्ठ नेताओं से सवाल किया कि क्या प्रियंका एमपी में कैंप करेंगी? तो जवाब मिला कि ऐसा नहीं होगा। प्रियंका औसतन हर दूसरे- तीसरे दिन मध्यप्रदेश में होंगी।



















