
नई दिल्ली: देश में इन दिनों त्योहारों का सीजन चल रहा है। दिवाली के बाद अब छठ पूजा की तैयारी जोरो पर है, साथ ही बड़ी तादाद में छठ मनाने के लिए लोग अपने घरों की ओर जा रहे हैं। ऐसे में रेलवे ने अतिरिक्त बोझ झेलने के लिए कमर कस ली है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि छठ के चलते 250 ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों के जरिए करीब 1.4 लाख सीटें उपलब्ध कराई गई हैं।
बता दें, छठ पूजा बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मनाया जाने वाला एक प्रमुख हिन्दू त्योहार है। अपने घरों से दूर, दूसरे शहरों में काम करने वाले नौकरी पेशा लोग त्योहार पर अपने घर पहुंचने की कोशिश करते हैं। ऐसे में रेलवे समेत यातायात के अन्य साधनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। जिसके चलते सरकार ने इस साल कुछ उपाय किए हैं, ताकि लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना न करना पड़े।
गुरुवार से इन ट्रेनों का होगा संचालन
गुरुवार से शुरू होने वाली ट्रेनों में इससे विशेष रूप से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, दिल्ली एवं मुंबई के यात्रियों के लिए घर जाना सुविधाजनक हो जाएगा। इस तरह से गुरुवार से चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में-
(04050) नई दिल्ली-भागलपुर सुपरफास्ट है। यह 27 अक्टूबर को नई दिल्ली से रात 11 बजे चलेगी, अगले दिन 28 अक्टूबर की सुबह नौ बजे प्रयागराज व रात साढ़े आठ बजे भागलपुर पहुंचेगी।
वहीं (01411/01412) छत्रपति शिवाजी महाराज -दानापुर सुपरफास्ट 29 अक्टूबर को छत्रपति शिवाजी महाराज से सुबह 11.55 बजे चलेगी। अगले दिन 30 अक्टूबर की सुबह 11.30 बजे छिवकी व शाम 4.08 बजे आरा पहुंच जाएगी। वहीं 30 अक्टूबर को वापसी में आरा से रात 8.23 बजे रवाना होगी, 31 अक्टूबर की रात 1.38 बजे छिवकी पहुंचेगी। एक अक्टूबर की रात 11.50 बजे छत्रपति शिवाजी महराज पहुंचेगी।
इसी क्रम में (01415/01416) पुणे -दानापुर सुपरफास्ट 28 अक्टूबर को पुणे से रात 12.10 बजे चलेगी। अगले दिन यानी 29 अक्टूबर की रात 11.45 बजे छिवकी पहुंचेगी, 30 अक्टूबर की सुबह आठ बजे दानापुर पहुंचेगी। उसी दिन यानी 30 अक्टूबर को वापसी में दानापुर से दिन में 11 बजे रवाना होगी, शाम साढ़े चार बजे छिवकी व अगले दिन एक नवंबर की शाम साढ़े चार बजे पुणे पहुंच जाएगी।
वहीं पुणे-दानापुर-पुणे सुपरफास्ट (01417/01418) पुणे से 29 अक्टूबर यानी शनिवार की रात 12.10 बजे चलेगी। यह ट्रेन अगले दिन 30 अक्टूबर रात 11.45 बजे छिवकी आएगी, जबकि 31 अक्टूबर की सुबह दानापुर आठ बजे पहुंचेगी। वहीं गुरुवार से चलने वाली ट्रेनों में प्रयागराज -आनंद विहार, सूबेदारगंज -सिकंदराबाद, ग्वालियर-बरौनी ट्रेन भी शामिल हैं।
एनसीआर के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि अतिरिक्त बर्थ उपलब्धता के लिए 10 गाड़ियों में अस्थाई तौर पर अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं, जबकि पूर्व में चलाई गई 12 त्योहार विशेष गाड़ियों की संचालन अवधि में विस्तार किया गया है।



















