
रामनगर: कहते हैं कि प्यार सरहद की बेड़ियों को तोड़ देता है। ऐसा ही कुछ नजारा बीते सोमवार को नगर में भी देखने को मिला। सात समुंदर पार से आई विदेशी युवती ने हिंदू रीति-रिवाज से बिहार के लड़के से शादी रचाई है।
साउथ अफ्रीका के जोहानसबर्ग की रहने वाली दुल्हनिया किम मोलेनार और नगर निवासी अमित कुमार की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। जिनकी शादी हिंदू रीति रिवाज से सोमवार को रामनगर -नरकटियागंज मुख्य पथ पर स्थित पर किशोरी वाटिका में धूमधाम से हुई। जिन्हें आशीर्वाद देने के लिए नगर के कई लोग जमा हुए।नगर के आर्यनगर मोहल्ला निवासी पीएमवीएस कॉलेज के लेक्चरर प्रफुल्ल चंद्र ठाकुर और गृहिणी रानी ठाकुर के पुत्र अमित कुमार वर्ष 2013 में साउथ अफ्रीका गए, जहां जोहांसबर्ग में मार्केटिंग लीडर के तौर पर काम करने लगे। इसी कंपनी में पैम मोलेनर की पुत्री किम भी काम करती थी।कुछ साल पहले वहां की मूल निवासी किम से आंखें चार हुई। दोनों ने एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान किया। इसके बाद दोनों ने एक साथ रहने का फैसला किया। परंतु, भारतीय सभ्यता संस्कृति में विदेशी बहू का मामला फिट नहीं बैठता रहा था। यही स्थिति किम के साथ भी थी।दोनों के घर परिवार को भी यह थोड़ा नागवार लगा। परंतु, बाद में दोनों की खुशी के आगे माता-पिता को झुकना पड़ा। आखिर अपने घर परिवार के बीच हिंदू तरीके से शादी संपन्न करने पर सहमति बनी, जिसकी सहमति किम की माता पैम ने भी दे दी और शादी का दिन निर्धारित हुआ।
किम अपनी माता के साथ साउथ अफ्रीका से नगर में पहुंच गई। सोमवार को हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई। इस शादी के गवाह नगर के सैकड़ों लोग बने। साथ ही कई लोगों ने इस अनोखी जोड़ी की शादी को अपने कमरे में कैद किया। किम के पिता इस दुनिया में नहीं हैं।



















