
बलरामपुर।बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने वर्ष 2024 में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था के मोर्चे पर प्रभावशाली प्रदर्शन किया। जिले में दर्ज अपराधों की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है, और पुलिस प्रशासन की सक्रियता के चलते कई बड़े अपराधों का सफल निपटारा हुआ है।
एसपी वैभव बैंकर ने बताया कि वर्ष 2024 में अपराध दर में सुधार हुआ, जहां 2022 की तुलना में 12% की कमी देखी गई। हालांकि, 2023 की तुलना में मामूली वृद्धि हुई। कुल अपराधों का निपटान दर 95% रहा, जो पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्यवाही को दर्शाता है। महिला संबंधी अपराधों में 2022 की तुलना में 19.5% और 2023 की तुलना में 12% की कमी आई।सम्पत्ति संबंधी अपराध 2022 की तुलना में 35% और 2023 की तुलना में 7% की कमी देखी गई। शरीर संबंधी अपराध2023 की तुलना में इनमें हल्की वृद्धि दर्ज की गई।
नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्यवाही
नारकोटिक्स एक्ट के तहत सख्त अभियान चलाया गया, जिसके चलते अपराधों में 2022 की तुलना में 16% और 2023 की तुलना में 30% वृद्धि हुई। पुलिस ने आरोपियों से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए:
1. 872.4 लीटर अंग्रेजी शराब
2. 450 लीटर महुआ शराब
3. 308 कफ सिरप की बोतलें
4. 1312 नशीले इंजेक्शन
5. 560 लीटर अवैध स्प्रिट
साथ ही गांजा, अफीम, और नशीली टेबलेट जैसी वस्तुएं भी जब्त की गईं।
पशु क्रूरता और यातायात नियम उल्लंघन
पशु क्रूरता के मामलों में 2022 की तुलना में 80% और 2023 की तुलना में 150% वृद्धि हुई। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर इन मामलों पर नियंत्रण पाया।
मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन पर भी कार्रवाई तेज की गई, जिसमें 2022 की तुलना में 100% वृद्धि हुई।
महत्वपूर्ण उपलब्धियां
1.राजेश ज्वेलर्स डकैती का खुलासा: 11 सितंबर 2024 को रामानुजगंज के राजेश ज्वेलर्स में हुई ₹2.92 करोड़ की डकैती के आरोपियों को झारखंड, बिहार, दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। लूट का अधिकांश माल बरामद किया गया।
2. किसान पर फायरिंग:शंकरगढ़ के परेवा गांव में किसान वासुदेव यादव पर हुई फायरिंग के आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर पिस्टल बरामद की गई।
3. नशीला इंजेक्शन के साथ गिरफ्तारी: 17 अक्टूबर 2024 को रामानुजगंज में एक आरोपी से 188 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।
4. अवैध स्प्रिट की जब्ती: 10 दिसंबर 2024 को 560 लीटर अवैध स्प्रिट के साथ झारखंड से आ रहे वाहन को जब्त किया गया।
5.गोल्डेन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड: 10 सितंबर 2024 को साइबर अपराध और यातायात जागरूकता अभियान के तहत जिले के 680 स्कूल-कॉलेजों में एक साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में 25,000 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिससे जिला पुलिस का नाम “गोल्डेन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड” में दर्ज हुआ।
2024 में पुलिस की अन्य प्रमुख कार्यवाही
– 292 गुमशुदा व्यक्तियों को तलाशा गया।
– 4674 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
– लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न हुआ।
नववर्ष में बलरामपुर-रामानुजगंज पुलिस की पहली प्राथमिकता यातायात में सुधार, लंबित मामलों का निकाल, जन भागीदारी एवं कठोरतम कार्यवाही से कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना, बड़े एवं सनसनीखेज अपराधों की रोकथाम व आरोपियों की त्वरित धर-पकड़ एवं गिरफ्तारी, बलरामपुर-रामानुजगंज की जनता को स्वच्छ, बेहतर एवं एक्टिव पुलिसिंग देना रहेगा।



















