
नई दिल्ली: बीजेपी विधायक दल की बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री का नाम फाइनल हो गया है। रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री बनेंगी और प्रवेश वर्मा डिप्टी सीएम बनेंगे।
बीजेपी ने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर दी बधाई
बीजेपी ने एक्स हैंडल पर भी इस बात की जानकारी देते हुए रेखा गुप्ता को बधाई दी है। बीजेपी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘श्रीमती रेखा गुप्ता जी को दिल्ली भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं अशेष शुभकामनाएं। हमें पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व में प्रदेश उत्तरोत्तर प्रगति करेगा।’
कौन हैं रेखा गुप्ता?
रेखा गुप्ता वर्तमान में केंद्रशासित प्रदेश दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की वंदना कुमारी को 29595 वोटों से चुनाव हराया था।
रेखा गुप्ता की उम्र 50 वर्ष है। उनका जन्म हरियाणा के जींद जिले में स्थित नंदगढ़ गांव में 1974 में में हुआ था। जानकारी के मुताबिक, रेखा गुप्ता का परिवार साल 1976 में दिल्ली में शिफ्ट हो गया था। उनके पति का नाम मनीष गुप्ता है। रेखा गुप्ता ने LLB किया है और वह पेशे से वकील भी हैं।



















