बलरामपुर: राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार धान के अवैध परिवहन, संग्रहण, उपार्जन केन्द्रों में पुराने धान के बिक्री के प्रयास तथा बिचौलिये एवं कोचियों के द्वारा अवैध रूप से धान विक्रय के विरूद्ध त्वरित कार्यवाही की जानी है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर राजस्व व खाद्य विभाग लगातार अवैध धान के परिवहन, विक्रय को रोकने के लिए आवश्यक कार्यवाही कर रहा है। निर्देश के परिपालन में विकासखण्ड राजपुर के तहसीलदार सुरेश कुमार राय के द्वारा धान खरीदी केन्द्र बरियों के निरीक्षण के दौरान कृषक धाना यादव के खाते से अशोक सोनी द्वारा 65 बोरी अवैध धान विक्रय करते पाया गया। तहसीलदार ने मंडी अधिनियम के तहत् कार्यवाही कर अवैध धान को जब्त कर लिया है। इसी प्रकार विकासखण्ड बलरामपुर के ग्राम पिपरौल निवासी सहोदर आत्मज पतराज के खाते से कोचिया राजेन्द्र राम आत्मज रामशरण के द्वारा 50 बोरी अवैध धान खपाने का प्रयास किया जा रहा था। राजस्व विभाग द्वारा उक्त अवैध धान को ट्रैक्टर सहित जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है। इसी प्रकार विकासखण्ड शंकरगढ़ के ग्राम डीपाडीह निवासी मनोज जयसवाल के गोदाम से अवैध रूप से रखे गए 151 बोरी तथा कृष्णकांत गुप्ता के गोदाम से 168 बोरी अवैध धान भण्डारित किया गया था। उक्त अवैध रूप से भण्डारित धान को जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत् कार्यवाही की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि धान के अवैध परिहवन एवं संग्रहण पर सभी अधिकारी-कर्मचारी सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ अपने कर्त्तव्य का निवर्हन करते हुए त्वरित कार्यवाही करें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!