
अम्बिकापुर: आम नागरिकों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता के साथ मिल-जुलकर देश को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से स्वतंत्रता दिवस के पूर्व सोमवार को जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष सद्भावना स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, आम नागरिकों, स्कूली छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक दौड़ में हिस्सा लिया। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने मल्टीपरपज़ हायर सेकंडरी स्कूल अम्बिकापुर से सद्भावना स्वतंत्रता दौड़ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
यह दौड़ मल्टीपरपज़ हायर सेकंडरी स्कूल अम्बिकापुर सेके खेल प्रांगण से आरम्भ होकर गुरुनानक चौक, महामाया चौक, संगम चौक, घड़ी चौक से होते हुए सिविल कोर्ट के सामने गाँधी स्टेडियम परिसर में समाप्त हुई। जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने सद्भावना दौड़ में हिस्सा लेकर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर कुन्दन ने सम्बोधित करते हुए कहा कि सद्भावना दौड़ का उद्देश्य सबके प्रति समान भावना रखने को प्रेरित करना है। हमें जो आजादी मिली, सभी स्वतंत्रता सेनानियों का लक्ष्य था कि सभी समाज वर्गों के बीच सद्भाव हो, सब के साथ सम व्यवहार रखना चाहिए। जिस तरह हमें स्वतंत्रता मिली, उस भाव को इस सद्भावना दौड़ के द्वारा भविष्य की पीढ़ी के बच्चों में चरितार्थ करना है और उनको यह संदेश देना बहुत जरूरी है। इस दौरान दौड़ में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अभिषेक कुमार, सीईओ जिला पंचायत नूतन कुमार कंवर, अपर कलेक्टर सुनील नायक एवं टीसी अग्रवाल सहित स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



















