
बीजापुर: छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर सुरक्षाबलों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया है। सभी माओवादियों के शव लेकर जवानों की एक टीम कोंडापल्ली पहुंची। घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार भी मिले हैं। इलाके में सर्चिग अब भी जारी है। बीजापुर के पुजारी कांकेर में गुरुवार दिनभर मुठभेड़ चली। दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के करीब 1500 से ज्यादा जवान ऑपरेशन पर निकले थे। बस्तर IG सुंदरराज पी ने इसकी पुष्टि की है।
पुलिस को इनपुट मिले थे कि, पामेड़ इलाके में भारी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर 3 जिलों से डीआरजी, कोबरा 205, 206, 208, 210 बटालियन के जवानों समेत सीआरपीएफ की टीम को 2 दिन पहले सर्च ऑपरेशन के लिए निकाला गया था। इधर नारायणपुर में नक्सलियों की लगाई आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) की चपेट में आकर दो बीएसएफ (बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स) जवान घायल हो गए हैं। दोनों का इलाज जारी है।नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी और बटालियन नंबर 1 के साथ जवानों की मुठभेड़ हुई। नक्सलियों की दोनों टीम में कई बड़े लीडर मौजूद हैं। इन पर मिनिमम 8 लाख रुपए का इनाम घोषित है। जवानों के लौटने के बाद ही नक्सलियों के बारे में सही जानकारी मिल पाएगी।



















