अंबिकापुर: उत्तरी सर्द हवाओं के कारण सरगुजा संभाग में जमा देने वाली ठंड पड़ने लगी है। सरगुजा के पाट क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शुक्रवार को गिरकर 3.5 डिग्री पहुंच गया एवं मैनपाट एवं सामरी पाट में ओंस की बूंदे जम गईं। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में भी न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के करीब आ गया है। सर्द हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट आ सकती है।



उत्तर सर्द हवाओं के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस दौरान तापमान में लगातार गिरावट आई है। शुक्रवार को सरगुजा के मैनपाट एवं सामरी पाट में जमकर पाले पड़े। पत्तियों एवं घास में ओंस की बूंदे जमी हुई नजर आईं। मैनपाट में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री एवं सामरी पाट में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह इस सीजन का सबसे कम तापमान है और पहली बार मैनपाट एवं सामरी में पाले पड़े हैं।


सर्द हवाओं के कारण पूरे संभाग में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान का पारा गिरकर 6.1 डिग्री पर आ गया है। गुरूवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री दर्ज किया गया था। इससे पहले मंगलवार को अंबिकापुर में प्रदेश का सबसे कम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में हुए बदलाव के बाद बुधवार को न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री दर्ज किया गया था। इस दौरान अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है और अधिकतम तापमान गिरकर 23.8 डिग्री दर्ज किया गया। पाट इलाकों में दिन में भी सर्द हवाएं ठिठुरा रही हैं।

मौसम विज्ञानी एएम भट्ट के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण उत्तरी छत्तीसगढ़ में हल्के बादल छाने लगे हैं। इससे इलाके में नमी बनी हुई है। आने वाले एक-दो दिनों में बादल और घने होंगे। मौसम साफ होने के बाद तापमान में और गिरावट आ सकती है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!