रायपुर: आने वाले कुछ दिनों में छत्‍तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में कंपकपाने वाली ठंड शुरू हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से अब प्रदेश में ठंड में और बढ़ोतरी होगी। न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो जाएगा और अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष काफी ज्यादा ठंड पड़ने की उम्मीद है।

बुधवार को रायपुर सहित प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा। हालांकि रायपुर सहित कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही आउटर क्षेत्रों में इन दिनों ठंड में बढ़ोतरी हो गई है। रायपुर का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य रहा।

इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। साथ ही जगदलपुर का न्यूनतम तापमान भी 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से अब न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो सकता है। इससे ठंड में बढ़ोतरी होगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!